सहारनपुर। देहात कोतवाली के ग्राम माहीतारपुर में दहेज की खातिर ससुरालियों ने विवाहिता को तेजाब पिलाकर हत्या का प्रयास किया। परिजनों ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। रुड़की के ग्राम भंगोड़ी निवासी गुलिस्तां का विवाह लगभग आठ माह पूर्व देहात कोतवाली सहारनपुर के ग्राम माहीतारपुर निवासी शाहनवाज के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक शादी के बाद से ही गुलिस्तां को उसके ससुराल के लोग दहेज कम देने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे थे। कई बार मारपीट की गई, लेकिन उन्होंने परिवार टूटने का वास्ता देकर मामले को रफा दफा करा दिया, लेकिन मंगलवार को आरोपियों ने गुलिस्तां के साथ फिर से मारपीट की और जबरन उसे तेजाब पिला दिया। उसकी हालत खराब हुई तो पड़ोसियों ने इसकी सूचना उन्हें दी। वे तुरंत माहीतारपुर पहुंचे और गुलिस्तां को लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इस मामले में गुलिस्तां के परिजन रुड़की के ग्राम भंगोड़ी निवासी अहसान ने गुलिस्तां के पति शहनवाज, सास लालो, ससुर शमशाद और ननद गुल्लो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। घटना के बाद से ससुराली फरार हो गए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।