बड़गांव (सहारनपुर)। बदमाशों ने बैंक से दो लाख अस्सी हजार रुपये निकालकर घर ले जा रहे चंदपुर निवासी किसान को दिनदहाड़े लूटने का प्रयास किया। किसान द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाश ने फायर भी किया, लेकिन वह मिस हो गया। इसके बाद पीड़ित किसान की हिम्मत व राहगीरों को पास आता देख बदमाश भागने को मजबूर हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग भी की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
मंगलवार की दोपहर गांव चंदपुर निवासी किसान प्रताप पुत्र वेदपाल ने कस्बे की एक बैंक शाखा से किसी कार्य के लिए दो लाख अस्सी हजार रुपये निकलवा कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। अभी वह बड़गांव- चंदपुर मार्ग पर बीरपाल के बाग के समीप ही पहुंचा था कि पीछे से आए बदमाशों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। बदमाश दिनदहाड़े तमंचे के बल पर उसके हाथ से नगदी का थैला छीनने का प्रयास करने लगे तो किसान प्रताप ने दिलेरी दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया। विरोध को देख बदमाशों ने तमंचे से फायर किया। गनीमत रही की तमंचे से गोली नहीं चली। मार्ग पर राहगीरों को पास आता देख बदमाश बिना लूट किए ही भाग गए। इसके बाद 100 डायल को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस घटना स्थल से बदमाशों के तमंचे से मिस होकर निकली गोली भी बरामद की। एसओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर शनिवार को भी सर्विस मार्ग पर रेहडी लगाने वाले सिसौना जमालपुर निवासी सतपाल पुत्र मंगत से बदमाशों द्वारा ढाई हजार की लूट का भी पुलिस अभी तक कोई सुराग नहीं लगा सकी।