पशु खरीदने हरियाणा जा रहे व्यापारी से बाइक सवार बदमाशों ने 1.36 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसे पीटकर घायल कर दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश फरार हो गए। घायल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
गंगोह कोतवाली के गांव लखनौती निवासी पशु व्यापारी महफूज पुत्र याकूब शनिवार शाम चार बजे पशु खरीदने के लिए बाइक से हरियाणा जा रहा था। जैसे ही वह दौलतपुर घाट के निकट पहुंचा तभी पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर उसे रोक लिया।
एक अन्य बाइक पर दो बदमाश और आ गए। इसके बाद बदमाशों ने उसकी जेब में रखी 1.36 लाख रुपये की नकदी लूट ली। विरोध करने पर उसकी तमंचे की बटों से पिटाई की, जिसमें वह घायल हो गया। लूट के बाद बदमाश फरार हो गए। राहगीरों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां से उसे रेफर कर दिया गया है। उधर, कोतवाल विंध्याचल तिवारी ने मामले को लूट ना बताते हुए आपसी झगड़ा बताया है। कहा कि पीड़ित ने नामजद तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।