कांधला। कस्बे के कैराना बस स्टैंड पर फोन पर बात न कराने पर शराब पी रहे चार लोगों ने तीन युवकों को शराब की बोतलों से वार कर गंभीर घायल कर दिया। जनपद मुजफ्फरनगर के थाना फुगाना क्षेत्र के गांव डूंगर निवासी बबलू, संजीव, व मोनू पुत्र राममेहर शनिवार को अपने घर से हिमाचल प्रदेश जाने के लिए निकले थे। तीनों युवक कस्बे के कैराना बस स्टैंड पर खड़े थे। आरोप है इसी बीच चार शराबी मौके पर पहुंचे और युवकों से फोन मांगने लगे, तीनों युवकों ने फोन पर बात कराने से मना किया तो आरोप है कि चारों शराबियों ने शराब की बोतल फोड़ कर तीनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर शराबा होने पर आरोपी मौके से भाग गए। पुलिस ने तीनों घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने तीनों घायलों की हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पीड़ितों के परिजनों ने अज्ञात युवकों के खिलाफ थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
-