सरसावा (सहारनपुर) । रेलवे ट्रैक के किनारे मिले मौसेरे भाइयों की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण यही आया है। शुक्रवार को उनके परिजन पहुंचे और शवों को लेकर चले गए।
बृहस्पतिवार सुबह साढ़े छह बजे इब्राहिमी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के किनारे सौरभ पुत्र मित्रपाल निवासी तलवार थाना असमौली और अभिषेक पुत्र परमजीत निवासी मोंडा थाना नंगली जिला संभल मृत अवस्था में पड़े मिले थे। दोनों मौसेरे भाई थे। पुलिस का मानना है कि संभवतः पहले एक युवक ट्रेन से गिरा होगा। जिसे बचाने के लिए जैसे ही दूसरे ने हाथ बढ़ाया तो वो अनियंत्रित होकर ट्रैक पर गिर पड़ा। इससे दोनों मौत का शिकार हो गए। दोनों जम्मू में काम करते थे और वहां से अपने घर लौट रहे थे। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया है कि दोनों की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। उधर, परिजनों ने इस मामले में कोई भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।