चिलकाना बिजली घर पर बैठक को संबोधित करते ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी ओमवीर सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना। विद्युत उपकेंद्र चिलकाना पर हुई भाकियू की मासिक बैठक के दौरान किसानों की समस्याओं का समाधान कराने को लेकर उपखंड अधिकारी को दो घंटे तक अपने बीच में बैठाए रखा।
बुधवार को चिलकाना विद्युत उपकेंद्र पर भाकियू की मासिक बैठक में सरसावा ब्लॉक अध्यक्ष ओमवीर सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के नलकूपों पर लगाए जा रहे बिजली के मीटर का पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी किसान अपने नलकूपों पर मीटर न लगवाए। उन्होंने उपखंड अधिकारी चिलकाना को बैठक में अपने बीच बैठाकर कहा कि किसी भी किसान के नलकूप पर कर्मचारी मीटर लगाने नहीं जाएगा अन्यथा परिणाम अच्छे नहीं होंगे। सरसावा ब्लॉक उपाध्यक्ष बबलू प्रधान ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर 26 नवंबर को होने वाले लखनऊ के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए 25 नवंबर की शाम को ही रेलवे स्टेशन सहारनपुर पर पहुंच जाएं। उन्होंने चौधरी तहसीन को मनोनयन पत्र देकर चिलकाना नगर अध्यक्ष घोषित किया।
बैठक में मौजूद उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत बिंद ने किसानों की सभी प्रकार की समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। बैठक में देवेंद्र सिंह, मोहम्मद आदिल, भूपेंद्र सिंह, चौधरी असलम, जगदीश, जगतार सिंह, इकराम, रकम सिंह, भूरा, तहसीन, चौधरी मुनव्वर आदि रहे।