सहारनपुर। वार्ड 49 क्षेत्र में मिनी नलकूप का बोरिंग नाले की जड़ में कर देने के कारण घरों के नलों में दूषित एवं बदबूदार पानी पहुंच रहा है। ऐसे में लोग हैंडपंपों और पुरानी लाइन से पानी लेने को मजबूर हैं। नगर निगम के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी निगम के अधिकारियों ने समस्या को दूर नहीं किया है। इससे करीब दो हजार घर प्रभावित हैं। खास बात यह है कि उक्त परिवार स्मार्ट सिटी योजना के तहत चिह्नित किए गए एबीडी क्षेत्र में आते हैं।
महानगर के चिलकाना रोड स्थित वार्ड 49 में पेयजल की बेहद पुरानी लाइन है, जिसकी कॉलोनी बदलवानान और झोटेवाला में पानी का प्रेशर ना के बराबर रहता है। ऐसे में क्षेत्र की समस्या को देखते हुए और पार्षद की मांग पर नगर निगम ने करीब छह महीने पहले यहां मिनी नलकूप के लिए बोरिंग कराया। लेकिन बोरिंग चिलकाना रोड से आ रहे नाले के किनारे पर कर दिया गया है। करीब तीन महीने से बोरिंग से घरों के नलों में पीला और बदबूदार पानी आ रहा है।
पूर्व पार्षद के प्रतिनिधि सईद सिद्दीकी ने इसकी शिकायत नगर निगम के कंट्रोल रूम में की हुई है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। स्थानीय लोग पुरानी लाइन, जिसमें प्रेशर ना के बराबर है या फिर हैंडपंपों से पानी लेने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिनके घरों में पानी की समस्या अधिक है वह पड़ौसियों के घरों से पानी की बाल्टियां भरवाकर पानी की जरूरत की पूर्ति कर रहे हैं।
शिकायत मिली है, पानी की जांच कराई जाएगी
नगर निगम के जल कल विभाग के संबंधित अवर अभियंता देशांतर ने बताया कि वार्ड 49 के घरों के नलों में पीला और दूषित पानी पहुंचने की शिकायत मिली है। किस कारण से दूषित पानी आ रहा है यह जांच का विषय है। समस्या दूर कराने के साथ ही पानी की भी जांच कराई जाएगी।
स्थानीय लोगों की बात
पार्षद प्रतिनिधि सईद सिद्दीकी ने बताया कि नलकूप का बोरिंग छह महीने पहले ही किया गया था। पहले पानी सही आया, अब तीन माह से घरों में पीला और बदबूदार पानी आ रहा है। इसकी शिकायत भी नगर निगम में की गई है, लेकिन अभी तक समस्या दूर नहीं हुई है। लोग परेशान हैं, जो इधर-उधर से पानी लेकर काम चला रहे हैं।
बदलवानान निवासी नफीस ने बताया कि उनके घर की टंकी में पीले रंग का पानी आ रहा है। घर तक पहुंच रही पुरानी लाइन में भी पानी नहीं है। ऐसे में उन्हें पड़ोसियाें से पानी लेना पड़ रहा है। खाना बनाने से लेकर नहाने और कपड़े धुलने तक की समस्या है, जिसे दूर किया जाना चाहिए।
गुलफाम ने बताया कि कहने को उनका वार्ड स्मार्ट सिटी में शामिल है, लेकिन काम स्मार्ट सिटी वाले नहीं हैं। नलों में पीला पानी आने की वजह से लोग परेशान हैं। कुछ लोग मजबूरन पीले पानी को ही इस्तेमाल में ला रहे हैं। समस्या दूर हो जाए तो हजारों लोगों को लाभ होगा।