सहारनपुर। बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। बिजली बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को बिजलीघर जाकर लाइन में लगना नहीं पड़ेगा। उपभोक्ताओं को घर बैठे बिजली बिल भुगतान करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए विद्युत निगम और नई पांच बिलिंग एजेंसियों के बीच अनुबंध हो गया है। खास बात यह है कि एजेंसी वास्तविक बिजली बिल से अधिक कोई शुल्क नहीं वसूल करेंगी।
जिले में साढ़े छह लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में विलेज लेवल इंटरप्रेन्योर (वीएलई) को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सामान्य जन सुविधा केंद्रों का नेटवर्क स्थापित किया है। हालांकि सामान्य जन सुविधा केंद्र डिस्काॅम के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत बिलों को जमा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन सामान्य जन सुविधा केंद्रों के सीमित संसाधनों के मद्देनजर विद्युत निगम अब सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने के लिए कॉमन सर्विस सेंटर के अलावा पांच नई बिलिंग एजेंसी मेसर्स वयम टेक्नोलाॅजी लिमिटेड, मे. सहज रिटेल लिमिटेड, मे. रानापेय इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मे. बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेस लिमिटेड और मे.सरल ई-कॉमर्स के बीच अनुबंध किया है।
नई बिलिंग एजेेंसी ग्राम स्तरीय उद्यमी (वीएलई) के माध्यम से उपभोक्ताओं से सीधा संपर्क स्थापित करेगी। एजेंसियों के बीच अनुबंध होने से उपभोक्ता अपनी कंज्यूमर एकाउंट आईडी के साथ एजेंसी के किसी भी प्रतिनिधि से संपर्क कर अपने बिजली बिल का भुगतान कर सकते हैं। इससे न केवल उपभोक्ता घर बैठे बिजली के बिल का भुगतान करने का लाभ उठा सकेंगे बल्कि उपभोक्ताओं को समय व धन की भी बचत होगी।