देवबंद में रिश्वत लेते दबोचा गया चकबंदी सीओ धर्मदेव। स्रोत-पुलिस
देवबंद। चकबंदी सीओ धर्मदेव को मेरठ विजिलेंस ने बुधवार को 38 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले की शिकायत एक किसान ने विजिलेंस की टीम के अधिकारियों से की थी। विजिलेंस टीम सीओ पर कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यूनिट सतर्कता अधिष्ठान विजिलेंस (मेरठ सेक्टर) की एसपी इंदु सिद्धार्थ के नेतृत्व में टीम ने चकबंदी सीओ धर्मदेव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है। तहसील के बन्हेड़ा गांव निवासी किसान मोहर्रम अली का चकबंदी न्यायालय में भूमि की अमल दरामद किए जाने के दो वाद चल रहे हैं। एक वाद में पहले फैसला हो गया था, जबकि दूसरे में सीओ लगातार तारीख लगा रहा था। अंतिम तिथि पर मोहर्रम अली के हक में फैसले करने के लिए धर्मदेव ने किसान से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
इस मामले में मोहर्रम अली ने विजिलेंस मेरठ में शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार को विजिलेंस टीम ने पूरा जाल बिछाया। जैसे ही मोहर्रम ने पैसे धर्मदेव को दिए, वैसे ही टीम ने उसे रंगेहाथ दबोच लिया। हालांकि इस दौरान धर्मदेव ने विजिलेंस टीम को गुमराह करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सभी साक्ष्य होने के चलते टीम ने सीओ को गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली ले आई। एसपी इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि सीओ के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है।