शहीद स्मारक पर शहीद सैनिकों को श्रद्धाजंलि देते कांग्रेस कार्यकर्ता
- फोटो : DEVBAND
सहारनपुर। कांग्रेसियों ने शहीदों को सलाम दिवस मनाकर पुष्पांजलि अर्पित की। शुक्रवार को जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने ताहरपुर स्थित शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य व पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष काजी इमरान मसूद, विधायक नरेश सैनी, विधायक मसूद अख्तर, एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी संग कांग्रेसियों ने भारत-चीन सीमा पर शहीद हुए कर्नल बी. संतोष बाबू सहित 20 जवानों को तिरंगा फहराकर सलामी दी। काजी इमरान मसूद ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि चीन एक ऐसा देश है, जो कभी भी एक वफादार मित्र साबित नहीं हो सकता। पहले भी उसने भारत के साथ धोखा किया है। चौधरी मुजफ्फर अली व वरुण शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का एक-एक सिपाही हमेशा की तरह आज भी शहीदों के परिजनों के साथ उनके दुख में शामिल है। उन्होंने सरकार से चीन के साथ व्यापार बंद करने की मांग की। विधायक नरेश सैनी, मसूद अख्तर, एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी ने कहा कि केंद्र सरकार चीन के प्रति कड़ा रुख अपनाए और चीन द्वारा कब्जाई गई भारतीय भूमि को पुन: वापिस हासिल करे। हमारी सेना चीन को जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री देश से किया हुआ अपना वायदा निभाए और चीन को सबक सिखाकर शहीदों के बलिदान का बदला लें। इस दौरान पूर्व जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, गौरव वर्मा, मनीष त्यागी, हरिओम मिश्रा, चौधरी दाऊद सादिक उर्फ सल्लू, नसीब खान, सरदार हन्नी सिंह, वसीम, मेनपाल सिंह, बिल्लू मौजूद रहे।