विकास भवन में बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा कराएं। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य में तेजी लाने को कहा, साथ ही कहा कि कार्यों में किसी तरह की कोताही न बरती जाए।
विकास भवन के सभागार में विकास कार्यों को लेकर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में मासिक बैठक हुई। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र एवं झटपट पोर्टल, आयुष्मान कार्ड की प्रगति, पंचायत भवनों के निर्माण, पीएम आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजनाएं, चीनी मिलों द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति, स्पोर्ट्स कॉलेज बेहट, मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय, मिनी बाइपास, जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने विकास योजनाओं में प्रदेश में लगातार चौथी बार जनपद को प्रथम स्थान मिलने पर विभागों के अधिकारियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि डाटा फीडिंग का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। फरवरी एवं मार्च की निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत कार्य करते हुए रैंकिंग को प्रथम स्थान पर ही बनाएं रखा जाए। अधिकारी स्वयं बैठकर पोर्टल पर फीडिंग कराएं। इसके साथ ही डीएम ने कहा कि आईजीआरएस प्रकरणों को जल्द निस्तारित करें और भविष्य में निकाय चुनाव के दृष्टिगत सभी अधिकारी तैयारी रखें। आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाएं।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. संजीव मांगलिक, डीएफओ गौतम राय, जिला विकास अधिकारी राजकुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अमित कुमार आदि मौजूद रहे।