सहारनपुर। कांशीराम कॉलोनी में आरएसएस की शाखा लगाने के विरोध में क्षेत्र के लोगों ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है। आरोप लगाया कि कुछ लोग कॉलोनी की शांति भंग करना चाहते हैं।
देहात कोतवाली क्षेत्र में पेपर मिल रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में आरएसएस की शाखा लगाने के विरोध में बृहस्पतिवार की सुबह क्षेत्र के लोगों ने हंगामा कर दिया था। तब, कुछ लोगों ने बीच-बचाव कराकर मामला शांत कराया था।
इस मामले में शुक्रवार को कांशीराम कॉलोनी निवासी पीयूष गौतम, राजेश गौतम, चंद्रभान गौतम, सुदेश, प्रीतम, शालू गौतम, पुष्पा, शांति और सुबोध ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि कॉलोनी में स्थित डॉ. आंबेडकर पार्क में परिसर में आरएसएस से जुड़े कुछ बाहरी तत्व संघ की शाखा लगा रहे हैं, जिससे कॉलोनी के लोग असहमत हैं। इनको शाखा लगाने से रोका भी गया, लेकिन इसके बाद भी यह मनमर्जी कर रहे हैं, जिससे कॉलोनी की शांति भंग हो रही है। उन्होंने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि शिकायती पत्र मिला है। मामले को दिखवाया जा रहा है।