सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से संबद्घ महाविद्यालयों एवं निजी शिक्षण संस्थानों ने अभी तक आंतरिक परीक्षाओं और प्रायोगिक परीक्षाओं के अंक अपलोड नहीं किए हैं। ऐसे में परीक्षा नियंत्रक को सभी महाविद्यालयों और संस्थानों को पत्र जारी कर अंक अपलोड करने के लिए कहना पड़ा है।
बीते दिनों बीए, बीएससी और बीकॉम के दूसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों की आंतरिक एवं प्रायोगिक परीक्षाएं कराई गईं। महाविद्यालयों को उक्त परीक्षाओं के अंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने थे, लेकिन नहीं किए हैं। ऐसे महाविद्यालयों और निजी संस्थानों की संख्या 150 से अधिक है। नंबर अपलोड नहीं किए जाने की वजह से विश्वविद्यालय परिणाम तैयार नहीं कर पा रहा है। ऐसे में संबंधित महाविद्यालयों और निजी संस्थानों को नंबर अपलोड करने के लिए कहा गया है। संवाद