संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जनपद के नगरीय निकायों की निर्वाचक नामावली का अनन्तिम प्रकाशन कर दिया गया है। इस पर दावे और आपत्तियां सात नवंबर तक की जा सकती हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि इस सूची को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नगरीय निकाय कार्यालय, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय, नगर निगम एवं समस्त नगर पालिका परिषद, नगर पंचायतों के कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) एवं सभी मतदान केंद्रों पर चस्पा कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जनपद के सहारनपुर नगर निगम, नगर पालिका परिषद नकुड़, गंगोह, सरसावा एवं देवबंद और नगर पंचायत नानौता, रामपुर मनिहारान, अम्बेहटा, तीतरों, चिलकाना- सुलतानपुर, बेहट एवं छुटमलपुर के मतदाता सात नवंबर तक इसका निशुल्क निरीक्षण कर सकते हैं। सात नवंबर तक ही दावे और आपत्तियों को भी प्राप्त किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित किए जाने, संशोधन किए जाने एवं किसी नाम पर आपत्ति के लिए निर्धारित प्रपत्रों पर दावे एवं आपत्तियां दी जाएं। निवा़चक नामावली में सम्मलित किसी नाम पर आपत्ति के लिए निर्धारित प्रपत्र दो प्रतियों में दिया जाएगा। दावे एवं आपत्तियों के लिए निर्धारित प्रपत्रों को भरकर मतदान स्थलों पर नियुक्त बीएलओ, नगर निगम एवं नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत कार्यालय और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय पर निर्वाचक नामावली का निरीक्षण कराए जाने के लिए नियुक्त कर्मचारी को दिया जा सकता है।