-शहर की कॉलोनियों से लेकर मुख्य मार्गों तक जलभराव से हुई लोगों को परेशानी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया। कॉलोनियों से लेकर मुख्य मार्गों तक हुए जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं जलभराव ने नगर निगम के सभी दवों की पोल खोल दी। बुधवार को 18 एमएम बारिश दर्ज की गई।
जनपद में बुधवार सुबह हल्की बारिश के बाद बादल छट गए थे और धूप निकल आई। सुबह सात बजे फिर काली घटाएं आईं और करीब एक घंटा जमकर बारिश हुई। इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। दोपहर करीब 12 बजे बादल छह गए। करीब चार से पांच घंटे हुई बारिश ने पूरे महानगर को जलमग्न कर दिया। महानगर के निचले क्षेत्रों रामविहार कॉलोनी, नंदपुरी कॉलोनी, मानकमऊ क्षेत्र, विल्सन का बाग कॉलोनी, गढ़ी मलूक, नवीन नगर, चंद्रनगर, ओजपुरा, कोरी माजरा, दिल्ली रोड के हसनपुर की पीछे की गलियों में भारी जलभराव हुआ। कई लोगों के घरों में पानी घुस गया। इसकी वजह से नागरिकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। उधर, स्मार्ट सिटी योजना के तहत चल रहे विद्युत केबिल भूमिगत करने और सीवर आदि के कार्यों की वजह से सड़कों को खोदकर छोड़ा गया है। कईं जगह पर भराव करने के बावजूद सड़कें धंस गईं। जैन कॉलेज रोड पर आरआई कम्पाउंड के सामने चार दिन से छह फीट चौड़ा और चार फीट गहरा गड्ढा सड़क धंसने से हो हुआ है, जिसकी सुध निगम ने नहीं ली है।
-
महापौर के ही दफ्तर के सामने जलभराव
जिस नगर निगम पर महानगर को जल भराव से बचाने का जिम्मा है। उस नगर निगम के अधिकारी अपने परिसर को ही जलभराव से नहीं बचा पा रहे हैं। बारिश के कारण नगर निगम के गृह कर विभाग के सामने जलभराव से मार्ग बाधित हो गया। पार्किंग के सामने जलभराव के कारण लोगों को निकलने में परेशानी रही। इतना ही नहीं, महापौर के कार्यालय के सामने जलभराव हो रहा है। उधर, नगर निगम को जाने वाली गांधी पार्क की सड़क पर निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण भारी जलभराव रहा, जिसके बीच से दुपहिया वाहन लेकर निकलना लोगों के लिए जोखिम भरा रहा।
-
डॉ. आंबेडकर स्टेडियम में जलभराव
डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में स्मार्ट सिटी योजना के तहत 20 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। यहां सात करोड़ रुपये की लागत से रनिंग सिंथेटिक ट्रैक बनाया गया है। बुधवार को स्टेडियम में भारी जलभराव रहा। स्टेडियम के मुख्य द्वार से लेकर खेल अधिकारी के कार्यालय तक जलभराव था। मैदान पर जलभराव से टैक भी पानी में डूबा रहा। स्टेडियम के एक अधिकारी ने बताया कि अंबाला रोड पर सीवर लाइन डालने के दौरान स्टेडियम से निकलने वाली निकासी पाइप को बंद कर दिया गया है, जिसकी वजह से पानी बाहर नहीं जा पा रहा है।
-
फसलों के लिए अच्छी है बारिश
इन दिनों धान की रोपाई चल रही है। गन्ने की फसल भी खड़ी है। इन दोनों फसलों के लिए इन दिनों की बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं है। ऐसे में किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। उधर, बारिश से हरी सब्जियों के दामों में भारी उछाल है, क्योंकि बारिश के कारण सब्जियां खेतों में खराब हो रही हैं।
-
जगदीप कुमार