अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने बेहट रोड पर बनाए जा रहे एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर) का निरीक्षण कर शुक्रवार तक कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में कुत्तों के बढ़ते आतंक को देखते हुए इसमें अब और विलंब नहीं किया जा सकता है।
नगर निगम द्वारा कुत्तों के आतंक से निजात पाने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। बेहट रोड स्थित शाकंभरी विहार में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। कुत्तों के लगातार बढ़ते आतंक के कारण काफी अरसे से एबीसी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब यह सेंटर बनकर लगभग तैयार हो गया है। नगरायुक्त ग़जल भारद्वाज ने अपर नगरायुक्त एसके तिवारी, सहायक अभियंता निर्माण दानिश नकवी, पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा आदि निगम अधिकारियों के साथ एबीसी का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर के बचे कार्य शुक्रवार तक पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
नगरायुक्त ने कहा कि शहर में लगातार कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है। हर रोज शिकायतें आ रही हैं। अब इस कार्य में और विलंब नहीं किया जा सकता है। उन्होंने पानी, बिजली, स्टोर के निर्माण, चिकित्सक एवं स्टाफ के लिए उपयुक्त कक्ष निर्माण के निर्देश दिए। वहीं, अधिकारियों को परस्पर समन्वय बनाकर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों के संबंध में अवर अभियंता अनूप कुमार से भी जानकारी ली। एनिमल बर्थ कंट्रोल के लिए नियुक्त चिकित्सक डॉ. अनुभव खजूरिया ने बताया कि कुत्तों के आपरेशन रूम और प्रीआपरेशन रूम आदि सब बनकर तैयार किए जा रहे हैं। दो दिन में यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। नगराध्यक्ष ने कुत्तों को पकड़कर लाने के लिए दो डॉग वैन की भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।