सहारनपुर। ईद मिलादुन्नबी के उपलक्ष्य में दरगाह हजरत रहमानी पर कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें अकीदतमंदों ने चादर चढ़ाकर देश की खुशहाली की दुआ की।
मंडी समिति रोड स्थित दरगाह हजरत रहमानी पर अकीदतमंदों ने दुरूद शरीफ पढ़कर चादर चढ़ाई। इसके पश्चात गरीब और बेसहारा लोगों को भोजन कराया। रहमानी फाउंडेशन व दरगाह के सज्जादानशीं पीरजी अरशद रहमानी व शोएब रहमानी ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी यानी बारावफात हमारे नबी मोहम्मद साहब के जन्म व उनकी वफात का दिन है। हमेशा ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर दरगाह रहमानी पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस बार कोरोना संक्रमण को देखते हुए सूक्ष्म कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश अंजुम तरक्की उर्दू संस्था के सचिव दानिश सिद्दीकी ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने दुनिया को नेकी और इंसानियत का रास्ता दिखाया। दुनिया में अमन, शांति, भाईचारा और सभी धर्मों के लोगों को प्रेम के साथ रहने का संदेश दिया। इस दौरान रफीक रहमानी, नदीम रहमानी, साबिर अली, सज्जाद हुसैन, आबिद हसन, सलमान, मोहम्मद अब्बास, राफे सिद्दीकी, रय्यान सिद्दीकी मौजूद रहे।