-रेलवे स्टेशन पर फिलहाल रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी के 44 कैमरों से पैनी नजर
-चार और नए कैमरे लगेंगे, पुराने बदलकर नए लगाने का चल रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। ए श्रेणी के रेलवे स्टेशन पर चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और बढ़ाए जाएंगे। रेलवे स्टेशन पर फिलहाल 44 कैमरों से निगरानी की जा रही है। इनमें आठ कैमरे जीआरपी के शामिल हैं, जबकि जो कैमरे पुराने हो गए हैं, उन्हें बदलकर नए एचडी कैमरों से रेलवे स्टेशन को लैस किया जा रहा।
रेलवे स्टेशन से करीब 140 ट्रेनें अप-डाउन में गुजरती हैं। इनमें एक लाख से अधिक यात्री यात्रा करते हैं। सभी यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था रेल सुरक्षा बल और जीआरपी के जवानों के ऊपर होती है। रेलवे स्टेशन परिसर के अंदर, बाहर और आसपास हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए 44 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जो रेलवे परिसर, पार्सल, बुकिंग हॉल, आरक्षण हॉल, सभी प्लेटफार्म, मुख्य द्वार और फुट ओवरब्रिज पर लगाए गए।
कंट्रोल रूम में चौबीस घंटे आरपीएफ व जीआरपी के कर्मचारियों की ड्यूटी रहती हैं, जो कैमरों में कैद होने वाली गतिविधि पर नजर रखते हैं। कैमरों की मदद से पटरियों को पार करने, गंदगी फैलाने वालों व प्लेटफार्म पर अपना सामान छोड़कर जाने वालों पर भी निगरानी रखी जाती है, लेकिन अभी भी स्टेशन के कई स्थान ऐसे हैं जहां कैमरों से निगरानी नहीं हो रही है। इससे कई बार जांच में परेशानी होती है। इस समस्या से निजात पाने के लिए चार और नए कैमरे लगेंगे।
-
कैमरे बढ़ाने की बात चल रही
जीआरपी थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर उनके आठ कैमरे लगे हुए हैं। कैमरे बढ़ाने के लिए मुख्यालय बात चल रही है, जैसे ही वहां से हरी झंडी मिलेगी। कैमरों की संख्या में इजाफा कर दिया जाएगा। इससे रेलवे स्टेशन की निगरानी रखने में आसानी होगी, साथ ही हर गतिविधियों पर भी पैनी रखी जाएगी।
वर्जन
रेलवे स्टेशन पर 36 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इनमें आरपीएफ के भी कैमरे शामिल हैं। इनके अलावा जीआरपी ने भी अपनी तरफ से कैमरे लगाए हुए हैं। चार और सीसीटीवी कैमरों को लगाया जाएगा।
- सुरेंद्र, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, टेलीकॉम, रेलवे