सहारनपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में शुक्रवार से कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) परीक्षा शुरू हो गई है। पहले दिन करीब 550 परीक्षार्थी उपस्थित हुए। परीक्षा तीन पालियों में संपन्न कराई गई।
दिल्ली रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सीबीटी परीक्षा की पहली पाली सुबह नौ से 11, दूसरी दोपहर 12 से दो और तीसरी अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक आयोजित की गई। प्रत्येक पाली में करीब 240 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इस प्रकार तीनों पालियों में 720 परीक्षार्थियों में से 550 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 170 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए नहीं आए। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। आईटीआई के प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा में 550 परीक्षार्थी शामिल हुए। यह परीक्षा नौ सितंबर तक चलेगी।