सहारनपुर। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। परीक्षा को लेकर बोर्ड के साथ ही स्थानीय स्तर पर तैयारियां पहले ही पूर्ण की जा चुकी हैं। परीक्षा पर एक ओर जहां बोर्ड के अधिकारी नजर रखेंगे, वहीं केंद्रों के स्तर पर भी कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
परीक्षा के लिए जनपद में कुल 115 स्कूल हैं, जिनमें दसवीं और 12वीं के 15,875 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनके लिए कुल 29 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी, लेकिन परीक्षार्थियों को आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। 10:30 के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा परीक्षार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म में पहुंचना होगा। उन्हें प्रवेशपत्र के साथ ही अपने स्कूल का आईकॉर्ड भी ले जाना होगा। बिना यूनिफॉर्म, प्रवेशपत्र और आईकॉर्ड के केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में परीक्षार्थियों को इन बातों का विशेष ध्यान रखना होगा।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होंगी परीक्षाएं
सीबीएसई की दसवीं और 12वीं की परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों और वायस रिकॉर्डर की निगरानी में होंगी। इसके लिए प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरा और वायस रिकॉर्डर लगे हैं, साथ ही सचल दल भी औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूर्ण की जा चुकी हैं। अभी तक जनपद में नकल का कोई बड़ा मामला सामने नहीं आया है, लेकिन बोर्ड के दिशा निर्देशों के अनुरूप नकल को रोकने के सभी बंदोबस्त किए गए हैं। परीक्षा सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डर की निगरानी में होगी।
-डॉ. दिव्य जैन, स्थानीय समन्वयक, सीबीएसई