सहारनपुर। हिंडन नदी को प्रदूषित करने पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गागलहेड़ी स्थित एक गत्त्ता मिल को बंद कर सील कर दिया है। इसके अलावा पांच अन्य फैक्टरियों को भी बंद कराने की रिपोर्ट लखनऊ भेजी है।
गागलहेड़ी में देहरादून रोड पर स्थित श्री बालाजी बोर्ड मिल में गत्ता बनाया जाता है। शिकायत मिली थी कि इस मिल का प्रदूषित पानी हिंडन नदी में गिर रहा है, जिससे हिंडन नदी प्रदूषित हो रही है। मंडलायुक्त के आदेश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने करीब दो माह पहले इसकी जांच की तो शिकायत सही पाई गई थी। इसके बाद पानी को बंद कराया गया था। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इसकी रिपोर्ट उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ से की थी। जिसमें इसे बंद करने की संस्तुति की दी गई थी। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी डॉ. डीसी पांडे ने बताया कि लखनऊ बोर्ड से इस फैक्टरी को बंद करने की कार्रवाई करने के आदेश मिले।
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई महेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार नितिन काजला, सीओ सदर नीरज के साथ टीम ने मंगलवार शाम को गागलहेड़ी जाकर श्री बालाजी बोर्ड मिल को बंद करा कर उसे सील कर दिया है। उन्होंने बताया कि हिंडन को प्रदूषित करने पर मिल को बंद करा दिया गया है अब इस पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में रिपोर्ट जिलाधिकारी और लखनऊ बोर्ड को भेज दी गई है। उन्होंने बताया कि पांच और फैक्टरियों को भी बंद कराने की रिपोर्ट लखनऊ बोर्ड को भेजी है। आदेश आते ही इन फैक्टरियों को भी बंद करा कर सील किया जाएगा। इन औद्योगिक इकाइयों का भी प्रदूषित पानी हिंडन नदी में डाला जा रहा था।