मुजफ्फराबाद। पुलिस चौकी मुजफ्फराबाद क्षेत्र के गांव फरकपुर निवादा निवासी बसपा के वरिष्ठ नेता राव मोहतरम सोमवार देर रात सड़क हादसे में घायल हो गए। वह परिवार के साथ ससुराल से लौट रहे थे। सोमवार रात करीब 11 बजे भोगपुर मोड़ के पास घना कोहरा छाया हुआ था। दृश्यता कम होने के कारण उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा पलटी। हादसे के समय कार में राव मोहतरम की पत्नी और दो बच्चे भी सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पलटी हुई कार से सभी को बाहर निकाला। हादसे में राव मोहतरम सहित उनके परिवार के सदस्य चोटिल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। भतीजे आसिफ राव ने बताया कि जिस तरह से कार खेत में पलटी, उससे बड़ा हादसा भी हो सकता था, लेकिन गनीमत रही समय पर लोगों की मदद से सभी की जान बच गई।