ट्रैक्टर-ट्राली से टकराई कार, चार की मौत, 16 घायल
देवबंद (सहारनपुर)। मुजफ्फरनगर-देहरादून हाईवे पर देवबंद क्षेत्र में घलौली चेकपोस्ट के पास एक ब्रेजा कार ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में एक युवती और दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई, 16 लोग घायल हुए हैं। बेहट क्षेत्र में रविवार रात हुए हादसे में घायल दो और महिलाओं ने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में मरने वालों की संख्या छह हो गई है। दो दिन में जिले में दस लोग दो सड़क हादसों में जान गंवा चुके हैं।
घलौली चेक पोस्ट के पास सोमवार शाम हुए हादसे में कार चालक सार्थक भारद्वाज (26) निवासी रामपुर तिराहा, शिवानी त्यागी (20) निवासी रणसुरा और ट्रैक्टर-ट्राली में सवार चंदपुर सुनहेटी निवासी सावित्री पत्नी तेजपाल (50) और ज्ञानवती पत्नी नेमतू (47) की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली में सवार करीब 16 महिला, पुरुष और बच्चे घायल हुए हैं। इसमें एक युवती का पैर भी कट गया है। कई और लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ये लोग मुजफ्फरनगर के गांव खेड़ी पचेंडा में तेरहवीं में शामिल होने गए थे और हादसे के वक्त अपने गांव लौट रहे थे, तभी पीछे से आई ब्रेजा कार ने ट्राली में टक्कर मार दी।
कार के परखच्चे उड़े, ट्रैक्टर ट्राली पलटी, मची चीख पुकार
देवबंद। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख पुकार मच गई। ट्रैक्टर ट्राली पलट गई और उसके नीचे लोग दबे थे। इस दौरान एक युवती का पैर कट गया और अन्य कई लोगों के अंग भंग होने की जानकारी मिल रही है। हादसे में सुदेश, बिरनी, नीता, आनंद, विराट, पूजा, पिंकी, ओमवती, कुंती, रचना, खुशी, राधा, वर्षा, समंदर, बीरमी, माया, रेखा, प्रमोद, तनिका, सुनीता घायल हुई हैं। राहगीरों से हादसे की सूचना मिलते ही सीओ रामकरण सिंह व इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल भिजवाया। सभी गंभीर रुप से घायलों को हायर केयर सेंटर रेफर किया गया है। सीओ रामकरण सिंह ने बताया कि मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद
देवबंद में सड़क दुर्घटना के बाद सरकारी अस्पताल में बेहोश महिला को संभालता परिजन- फोटो : DEVBAND
अस्पताल में बिलखती घायल बच्ची- फोटो : DEVBAND
घायल महिला को उपचार के लिए लेकर जाता व्यक्ति- फोटो : DEVBAND
देवबंद में हुए सड़क हादसे में सरकारी अस्पताल में बिलखते मृतक युवती शिवानी त्यागी के पिता को संभा?- फोटो : DEVBAND
सरकारी अस्पताल में भर्ती सड़क दुर्घटना के घायल- फोटो : DEVBAND
सरकारी अस्पताल में भर्ती देवबंद में हुई सड़क दुर्घटना के घायल। - फोटो : DEVBAND
घटनास्थल पर पड़े घायलों के जूते चप्पल- फोटो : DEVBAND
देवबंद में हुए हादसे के बाद परखच्चे उड़ी ब्रेजा कार को देखती पुलिस- फोटो : DEVBAND