सहारनपुर। संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि पर नियंत्रण के लिए नगर निगम महानगर में सफाई के लिए विशेष अभियान, एंटी लार्वा का छिड़काव, चूना छिड़काव, फॉगिंग और सैनिटाइजेशन कराएगा। अभियान एक से 30 अक्तूबर तक चलेगा। इसी दौरान सात से 21 अक्तूबर तक दस्तक अभियान भी चलेगा।
बृहस्पतिवार को नगर निगम में हुई बैठक में नोडल अधिकारी/जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड ने उक्त जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में शिवांका गौड ने बताया कि संचारी रोगों से बचाव के लिए आवश्यक है कि मच्छरों को पनपने से रोका जाए। इसके लिए जरूरी है कि महानगर में विशेष सफाई व्यवस्था करने के अलावा खुले स्थानों तथा नाले नालियों में पानी का जमाव न होने दिया जाए। घर की छतों, गमलों, टायरों आदि में पानी का जमाव न हो। तालाबों-पोखरों आदि में एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाए
बैठक में खुली नालियों व खुले स्थानों को ढकने की व्यवस्था करने, सड़कों तथा नालियों के किनारे खड़े खास-फूस की सफाई करने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, मच्छरों की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक करने, मलिन बस्तियों में विशेष सफाई व्यवस्था करने को कहा गया।
सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि महानगर के सभी वार्डों में एंटी लार्वा, चूना, सैनिटाइजर आदि का रोस्टर अनुसार एक अक्तूबर से शुरू किया जाएगा। इसके लिए रोस्टर तैयार कर लिया गया है। बैठक में जेडएसओ राजीव चौधरी, मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रपाल, इंद्रपाल के अलावा सभी सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।