सहारनपुर। उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह ने अर्बन सीलिंग की भूमि को कब्जा मुक्त कराने का अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार को उन्होंने शकलापुरी रोड़ पर ग्राम दराकोटतला के खसरा नंबर 689 की पैमाइश कराई। राजस्व अभिलेखों में इस भूमि का क्षेत्रफल करीब साढ़े चार एकड़ है परंतु मौके पर लगभग डेढ़ एकड़ भूमि ही खाली पाई गई। शेष भूमि पर मकान बनाकर अवैध कब्जे कर लिए गए हैं। उपजिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद विकास प्राधिकरण के कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि अगले दो दिनों में इस भूमि की तारबंदी करा दी जाए। उन्होंने अवैध कब्जे हटवाने के भी निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अर्बन सीलिंग की जमीनों की पैमाइश का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा वर्ष 2002-2003 में 31 ग्रामों में अर्बन सीलिंग की लगभग 550 एकड़ भूमि सहारनपुर विकास प्राधिकरण के प्रबंधन में दी गई थी। माना जा रहा है इनमें से काफी रकबे पर आबादी और दुकान आदि बनाकर अवैध कब्जे हो चुके हैं। अर्बन सीलिंग की भूमि से अवैध कब्जे हटवाने के लिए विकास प्राधिकरण और राजस्व विभाग की टीम गठित की गई है। जो संयुक्त रूप से अर्बन सीलिंग की भूमि की पैमाइश कर अवैध कब्जे हटवाएगी। अब इस प्रकार की भूमि से कब्जा हटाकर उसे सरकारी विभागों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवंटित कराया जाएगा।