सहारनपुर। धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर को लेकर पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। अभियान के दौरान सभी थाना पुलिस ने अपने-अपने एरिया में चेकिंग कर तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर उतरवाएं। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि कोर्ट की गाइडलाइन को लेकर अभियान चलाया गया है, साथ ही हिदायत दी कि तेज आवाज के लाउडस्पीकर को किसी भी हालत में न बजाए। अभियान में 100 से अधिक स्थानों से लाउडस्पीकर उतरवाए गए।
छुटमलपुर : फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा 42 जगहों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों की गहनता से जांच पड़ताल की। इस दौरान मानकों के विरुद्ध पाए जाने पर छह मंदिर व नौ मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतरवाए गए। थाना अध्यक्ष फतेहपुर सत्येंद्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस ने गांव गंडेवड़ा, दतौली मुगल, खुजनावर, नानका, भैंसराव, बड़कला, हलवाना,मांडूवाला, जीवाला आदि में अभियान चलाया।
चिलकाना : पुलिस ने सात धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाए। अनुमति होने पर धार्मिक स्थलों के इंचार्जों को नियमानुसार कम आवाज में लाउडस्पीकर चलाने के लिए कहा गया।
देवबंद : नगर क्षेत्र के अलावा हाशिमपुरा, सापला वककाल, सापला खत्री, गोपाली, इमलिया, तिगरी, तल्हेरी बुजुर्ग, अंबोली आदि में धार्मिक स्थानों से इंस्पेक्टर सूबे सिंह के नेतृत्व में लाउडस्पीकर उतरवाए।
शाकंभरी : मिर्जापुर थाना क्षेत्र में नौगांवा, शाहपुर गाड़ा, खुवासपुर, बादशाही बाग, फैजाबाद में लाउडस्पीकर उतरवाए। इसके अलावा थाना प्रभारी राजेंद्र वशिष्ठ ने गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर सहयोग की अपील की।
नागल : नागल थाना क्षेत्र में गांव मीरपुर मोहनपुर, बढेड़ी कोली, खजूर वाला, गांगनौली, दंघेड़ा, नन्हेड़ा बुड्ढा खेड़ा, सोहनचिड़ा पांडोली में पुलिस ने धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए।
बड़गांव : क्षेत्र में नूनाबड़ी, बेलड़ा, सिरसली, अंबेहटा मोहन, जड़ौदा पांडा, सहजी, चंदपुर, अंबेहटाचांद, भगवानपुर आदि में लाउडस्पीकर उतरवाए गए, साथ ही चेताया भी गया।
बेहट : थाना प्रभारी योगेश शर्मा के नेतृत्व में अभियान चलाकर पुलिस ने कई धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाए।
गंगोह। गंगोह क्षेत्र में भी पुलिस ने करीब 15 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवाए।