सहारनपुर। मोहल्ला जवाहर पार्क निवासी व्यापारी विवेक जुनेजा की मौत हो गई। पांच वर्ष पूर्व नगर निगम ने खुमरान पुल के चौड़ीकरण के लिए वहां स्थित किराए की चार दुकानें तोड़ी थीं, जिनमें से एक दुकान व्यापारी की थी। तभी से वह मानसिक तनाव में थे।
नगर विधायक राजीव गुंबर का कहना है कि उस समय तत्कालीन नगरायुक्त ने नई जगह पर दुकान देने का आश्वासन दिया था। बोर्ड बैठक में भी यह प्रस्ताव पास हुआ था। इसके लिए जनमंच के पास दुकानें भी बनाई थी। आरोप है कि दुकान आवंटन की सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी व्यापारी को दुकान नहीं दी गई।
मामले नगर विधायक राजीव गुंबर ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नगरायुक्त पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। नगर विधायक ने शिकायती पत्र में नगर निगम ने खुमरानपुल के चौड़ीकरण के लिए पांच वर्ष पूर्व चार दुकानों को तोड़ा था। इनमें जवाहर पार्क निवासी विवेक जुनेजा की भी किराए की दुकान थी। तब, तत्कालीन नगरायुक्त ने नई जगह पर दुकान देने का आश्वासन दिया था। इसके बाद से विवेक जुनेजा मानसिक तनाव में चले गए। जनमंच के पास नई दुकानें बनाई गई। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद भी विवेक जुनेजा को दुकान नहीं दी गई। नगर विधायक ने कहा है कि नगरायुक्त ने मामले में लापरवाही बरती और छह माह से फाइल पर हस्ताक्षर नहीं किए। वहीं, नगरायुक्त गजल भारद्वाज का कहना है कि दुकान आवंटित किए जाने के सभी नियम पूरे किए जा रहे हैं। एक प्रक्रिया के तहत ही दुकान का आवंटन होता है। इसके लिए शासन को दुकान आवंटित से संबंधित फाइल भेजी गई थी। शासन के निर्देशानुसार ही दुकान आवंटित की जानी थी। इसमें किसी तरह की कोताही नहीं बरती गई है।
-
व्यापारी के हैं दो बच्चे और बुजुर्ग मां-बाप
नगर विधायक राजीव गुंबर का कहना है कि विवेक जुनेजा के दो छोटे बच्चे और बुुजुर्ग माता-पिता हैं। वह चार बहनों के इकलौते भाई थे। नगर निगम की लापरवाही की वजह से परिवार का सहारा छीन गया। इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया है। जल्द मुख्यमंत्री से मिलकर भी अवगत कराया जाएगा।