एक्साइज ड्यूटी के विरोध में चल रहा सर्राफा कारोबारियों का आंदोलन बुधवार को क्रमिक अनशन में बदल दिया है। सर्राफा कारोबारियों ने पंचायत कर एक्साइज ड्यूटी को कारोबारियों के लिए काला कानून करार देते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। केंद्र सरकार द्वारा निर्णय वापस न लेने तक क्रमिक अनशन जारी रखने की चेतावनी दी गई।
सर्राफा पंचायत के मुख्य संयोजक पवन गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी लगाकर सर्राफा कारोबारियों का रोजगार ठप करने का काम किया है। इसके बाद अनेक लोगों के लिए यह काम आसान नहीं रह जाएगा। उन्होंने एक्साइज ड्यूटी के निर्णय के वापस न होने तक बंद जारी रखने तथा क्रमिक अनशन करने का ऐलान किया।
बुधवार को सर्राफा बाजार के महामंत्री जितेंद्र अग्रवाल, राजकुमार जैन, अजीम राना और मोहम्मद नौशाद अनशन पर रहे। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि वालिया ने अपने साथियों के साथ अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया।
धरने की अध्यक्षता शिव कुमार सिंघल ने की। धरने को श्रवण जैन और अलीम राना ने भी संबोधित किया। इस दौरान सर्राफा पंचायत स्वर्णकार संघ, लक्ष्मी मार्केट, रामानंदी बाजार, हीरागंज, मीरगंज, कोर्ट रोड, नखासा बाजार, गौरीशंकर बाजार के सर्राफा कारोबारियों के साथ ही गलाई वाले, पकाई वाले, डाईवाले भी शामिल रहे।