सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बसपा का लक्ष्य भाजपा को हराना नहीं है, बल्कि सपा को रोकना है। भाजपा का काम नफरत फैलाना है। स्मार्ट सिटी सिर्फ नाम की है। अरबों रुपये स्मार्ट सिटी के नाम पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर में अपने ऊपर दर्ज मामलों को सीएम खत्म न कराते तो चार्जशीट की फेहरिस्त बहुत लंबी होती। आसपा प्रमुख चंद्रशेखर बोले, कि परिवर्तन जरूर आएगा।
मंडी समिति रोड स्थित एक सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनता से नगर निकाय चुनाव में सपा, आसपा और रालोद गठबंधन प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार छह वर्षों में सपा सरकार के कार्यों को ही पूरा नहीं करा पाई है। आज जो बिजली मिलती है, उसके लिए सपा सरकार ने काम किया था।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां भाजपा के महापौर, नगर पालिकाओं के चेयरमैन, नगर पंचायतों के अध्यक्ष रहे हैं, उन्होंने शहरों और कस्बों को बर्बाद करके रख दिया है। सड़कें टूटी पड़ी हैं, गंदगी और जलभराव सहित मूलभूत सुविधाएं न मिलने से जनता परेशान है। इनसे मुद्दों से जुड़े सवालों पर मुख्यमंत्री जवाब नहीं देते हैं। बेरोजगारी चरम है और स्वास्थ्य सेवाओं का हाल बुरा है। मरीजों को दवाएं नहीं मिल पाती है।
कहा, हमारी सरकार ने सहारनपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज की शुरुआत की थी, तब वहां स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर थी, लेकिन अब बुरी स्थिति है। बेरोजगारी चरम पर है और युवा परेशान है। अच्छी शिक्षा के लिए सरकार ने कोई इंतजाम नहीं किया। शिक्षा इतनी महंगी हो गई कि एक आम आदमी बच्चों को पढ़ाने के लिए सोचना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में सड़कें तो सांड़ों के हवाले हो गई हैं। राजधानी लखनऊ में ही भाजपा सरकार विकास नहीं करा पाई है तो प्रदेश की स्थिति क्या होगी। इस दौरान आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कहा कि परिवर्तन आएगा। हम बाबा साहब डाॅ. भीमराव आंबेडकर और कांशीराम की विचारधारा पर चलने वाले लोग हैं। गलत चीजों का हमारे कार्यकर्ता हमेशा विरोध करेंगे। डबल इंजन में ट्रिपल इंजन जोड़ने की बात भाजपा सरकार करती है। महापौर इनका था और ट्रिपल इंजन भी था, लेकिन यह कोई विकास नहीं करा पाए। जनता इनके ट्रिपल इंजन को हटाएगी। इसके बाद लोकसभा और विधानसभा चुनाव में डबल इंजन को भी खत्म कर देगी।