नागल (सहारनपुर)। मंच पर पहुंचते ही बसपा सुप्रीमो व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और माइक हाथ में आते ही जयभीम का नारा लगाया। करीब दो साल बाद अपने नेता को देखकर भीड़ भी उत्साहित दिखी। अक्सर दलित वोट बैंक का जिक्र करने वाली बसपा सुप्रीमो ने इस बार हर वर्ग को साधने का प्रयास किया। उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर तंज कसें तो वहीं अधिकतर संबोधन दलितों के साथ-साथ पिछड़े, मुस्लिम और क्षत्रियों के इर्द-गिर्द रहा। करीब 25 मिनट के भाषण में उन्होंने सहारनपुर का नाम छह बार लिया। इससे पहले बसपा सुप्रीमो पांच फरवरी 2022 को जिले में आईं थीं।
भाजपा से आमजन त्रस्त : शमसुद्दीन राइन
बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी शमसुद्दीन राइन ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में आमजन महंगाई से त्रस्त है। गैस सिलिंडर, पेट्रोल-डीजल के रेट आसमान छू रहे। पढ़े-लिखे युवा बेरोजगार घूम रहे। विकास के नाम पर भाजपा जनता को बहकाने का काम कर रही। लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। संविधान को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों को फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा।
बसपा के शासनकाल में हुए विकास : माजिद अली
सहारनपुर लोकसभा सीट के बसपा प्रत्याशी माजिद अली ने कहा कि बसपा ने सहारनपुर को कमिश्नरी, स्पोर्ट्स कॉलेज, मेडिकल कॉलेज देने का काम किया है। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए देहरादून, चंडीगढ़ या फिर दिल्ली जाना पड़ता है। जिसके लिए लोगों को लंबी दूरी तो तय करनी पड़ती है। साथ ही जेब भी ढीली होती है।
बसपा सशक्त थी, सशक्त है और सशक्त रहेगी : श्रीपाल
कैराना लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी श्रीपाल राणा ने कहा कि विरोधी दलों में पिछले करीब 10 दिनों से बौखलाहट हैं। प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री और मुख्यमंत्री आ गए, लेकिन यहां कुछ नहीं होने वाला। हमें हौंसले को 19 अप्रैल तक दोगुने करके चलना है। बसपा सर्वसमाज की पार्टी है।
मंच पर नहीं दिखाई बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान
बसपा सुप्रीमो की चुनावी जनसभा में पार्टी के पदाधिकारी और अन्य नेताओं ने मंच साझा किया, लेकिन सांसद हाजी फजलुर्रहमान नहीं दिखाई दिए। जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं होने लगी है। सांसद को लेकर कयास कुछ और भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि कई दिन पहले सांसद ने बयान दिया था कि अगर वह सहारनपुर में रहें तो जनसभा में जाएंगे, अन्यथा नहीं।
ये रहे मौजूद
कॉअर्डिनेटर नरेश गौतम, जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद, पूर्व विधायक रविंद्र मोल्हू, विधानसभा प्रभारी जगरोशन, रामपुर मनिहारान अध्यक्ष कुलदीप बालियान, बसपा गुर्जर समाज के प्रदेश प्रभारी विनोद पंवार, फिरोज आफताब, प्रभारी एस आलम, प्रताप सिंह और अमजद अली आदि मौजूद रहे।