परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होंगी बीएस-6 की बसें
सहारनपुर। यदि सब कुछ ठीक रहा तो उप्र सड़क परिवहन निगम के बेड़े में बीएस-6 की (भारत स्टेज-6) बसें शामिल होंगी। इसको लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। सहारनपुर निगम परिक्षेत्र के चार डिपो से 30 चालक आठ अगस्त को कानपुर में बीएस-6 की बसों का प्रशिक्षण लेंगे। इन बसों से प्रदूषण भी कम फैलेगा। साथ ही बीएस-6 बसों में डीजल की खपत भी कम होगी।
परिवहन निगम परिक्षेत्र में छह डिपो संचालित होते हैं। इनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली, शामली, छुटमलपुर और गंगोह शामिल हैं। इन डिपो में वर्तमान में 591 बसों का बेड़ा है। हालांकि कई बस तो ऐसी हैं, जो अपनी मियाद को पूरा कर चुकी हैं। परिवहन निगम ने मियाद पूरी करने वाली 50 से अधिक बसों को निगम मुख्यालय भेज दिया है। अब बीएस-6 की बसों को बेड़े शामिल करने की तैयारी चल रही है। सहारनपुर परिवहन निगम को संभवत: 10 से अधिक बसें सितंबर माह तक मिल जाएंगी। इससे पहले सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली और छुटमलपुर डिपो के 30 चालक प्रशिक्षित होंगे। प्रशिक्षण आठ अगस्त को कानपुर के केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में दिया जाएगा। इन बसों की खास बात यह है कि इनसे प्रदूषण कम फैलेगा। साथ ही रोडवेज पर आर्थिक बोझ कम होगा, क्योंकि बीएस-6 बसों में डीजल की खपत मौजूदा बसों से काफी कम है। इसके साथ ही यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन मिल सकेगा। वहीं परिवहन निगम को भी नई तकनीक से लैस बसों आने से मेंटीनेंस के खर्च में भी कमी जाएगी।
कानपुर में चालकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
परिवहन निगम परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि बीएस-6 की बसों के लिए चालक आठ अगस्त को कानपुर में प्रशिक्षण लेंगे। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली और छुटमलपुर के 30 चालक प्रशिक्षण कार्यशाला में शामिल होंगे। इन डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखा गया है, ताकि चालक समय से प्रशिक्षण में पहुंचे।