बेहट में मारे गए मुर्तजा (फाइल फोटो)
बेहट (सहारनपुर)। शेखपुरा गांव में बहनाेई ने अपने साले की पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिजन शव लेकर कोतवाली पहुंचे, जहां से पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। मृतक के पिता ने दामाद समेत पांच लोगों के खिलाफ बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
घटना मंगलवार की शाम साढ़े छह बजे की है। कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव नानौली निवासी मुर्तजा (23) पुत्र दिलशाद की बहन मुसैय्यदा की शादी 11 साल पहले पड़ोस के गांव शेखपुरा निवासी मो. अली के साथ हुई थी। आरोप है कि मुर्तजा का बहनोई उसकी बहन मुसैय्यदा को परेशान करता था। मंगलवार को भी उसने मुसैय्यदा के साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसकी सूचना मिलने पर मुर्तजा शेखपुरा पहुंचा। आरोप है कि बहनोई से जब मुर्तजा ने बहन के साथ मारपीट करने का कारण बहनोई से पूछा तो वह तैश में आ गया और उसने परिवार व पड़ोस के चार अन्य लोगों के साथ मिलकर मुर्तजा की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे मुर्तजा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मुर्तजा के परिजन शेखपुरा पहुंचे और शव को उठाकर बेहट कोतवाली ले आये, जहां से पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। मृतक के पिता दिलशाद ने दामाद समेत पांच लोगों पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। सीओ मुनीशचंद्र ने बताया, कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
बेहट में मारे गए मुर्तजा (फाइल फोटो)