सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी मिले हैं कई साक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। एससी-एसटी एक्ट के मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाने के लिए 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए नकुड़ सीओ के पेशकार के पकड़े जाने के मामले में सीसीटीवी की फुटेज को भी जांच में शामिल कर ली गई है। शिकायतकर्ता के मकान के बराबर में लगे सीसीटीवी की फुटेज में आरोपी पेशकार उसके घर कई बार आता-जाता नजर आ रहा है।
इस मामले में सीओ नकुड़ नीरज सिंह और पेशकार हरपाल के खिलाफ कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मामले की जांच भ्रष्टाचार निवारण संगठन थाने की इंस्पेक्टर ऊषा तोमर कर रही हैं। इस मामले में वादी के बयान दर्ज हो चुके और कई अहम साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। सूत्र बताते हैं कि मामले सीओ और उनके पेशकार के खिलाफ सुबूत मिले हैं।
यह था मामला
थाना सरसावा के गांव अहमदपुर निवासी महेश कुमार ने मामले में एंटी क्रप्शन विभाग से शिकायत की थी। बताया था कि एससी-एसटी एक्ट का झूठा मामला दर्ज कराया गया है, जिसमें सीओ नकुड़ के कार्यालय में तैनात दरोगा हरपाल मामला खत्म करने के लिए 80 हजार रुपये मांग रहा है। इसकी शिकायत के बाद एंटीक्रप्शन सहारनपुर और मेरठ की टीम सक्रिय हो गई। टीम ने सीओ नकुड़ के कार्यालय में महेश कुमार से 50 हजार रुपये लेते हुए पेशकार हरपाल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
वर्जन-
मामले की जांच चल रही है। इसमें वादी के बयान दर्ज हो चुके हैं। अन्य अहम साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज भी जांच में शामिल की गई है। जल्द अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।सुभाष सिंह, प्रभारी थाना एंटीक्रप्शन सहारनपुर