सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत अंबाला रोड की दोनों लेन की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर नौ मीटर की जाएगी। रेलवे रोड स्थित बस अड्डे को विकसित किया जाएगा। साथ ही मानकमऊ में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इसके अलावा चिकित्सा सुविधा को बेहतर बनाने के लिए महानगर में 20 हेल्थ एटीएम स्थापित किए जाएंगे। इन सभी परियोजनाओं को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में स्वीकृति दी गई।
स्मार्ट सिटी सहारनपुर के चेयरमैन/मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता और सीईओ/नगरायुक्त गजल भारद्वाज के संचालन में सर्किट हाउस में हुई बैठक में अनेक नई परियोजनाओं को स्वीकृत किया गया। परियोजनाओं में सहारनपुर शहर के सुंदरीकरण के लिए सरकारी भवनों, पुलों एवं ओवरहेड वाटर टैंकों पर पेंटिंग कराने, मानकमऊ स्थित निगम की जमीन पर इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन बनाने, जनमंच परिसर स्थित रोटरी भवन सहित दोनों सभागारों व पाकिँंग का सुंदरीकरण करने, पांवधोई नदी के सभी पुलों का सुंदरीकरण करने, कचहरी पुल के नीचे शॉपिंग कांप्लेक्स के सामने पार्किंग विकसित करने तथा राजकीय कन्या गर्ल्स इंटर कॉलेज परिसर को शेड से कवर करने की परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा कलक्ट्रेट तिराहे से आईएमए भवन तक, चरण सिंह चौक से दीवानी कचहरी तक तथा जेल चुंगी से नवाबगंज चौक तक की सड़कों का नवीनीकरण करने पर भी मुहर लगाई गई। बैठक में कलक्ट्रेट तिराहे के सुंदरीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी को एक प्रस्ताव बनाकर देने को कहा गया। मेला गुघाल क्षेत्र में कार्य तेज करने के निर्देश भी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दिए। वहां स्थित पुलिस चौकी को शिफ्ट किया जाएगा। मंडलायुक्त ने ई-लाइब्रेरी का कार्य 25 नवंबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश कार्यदाई संस्था को दिए।
बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार, स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी सीपी सिंह, मनोनीत निदेशक एके आत्रेय, स्वतंत्र निदेशक सुशील पुंडीर, जीएम जलकल मनोज आर्य, डीजीएम स्मार्ट सिटी दिनेश सिंघल, डीजीएम फाइनेंस अमित कुमार, कंपनी सचिव शंकर तायल, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, सुशील सिंघल आदि मौजूद रहे।
परियोजनाओं के लिए बजट जारी, गति देने के निर्देश
स्मार्ट सिटी योजना के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम के पवेलियन, स्वीमिंग पूल और बाक्सिंग कोर्ट के कार्य में गति लाने के निर्देश संबंधित संस्था के अधिकारियों को दिए गए। पहले से स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत शहर के चार स्थानों नगर निगम, नुमाइश कैंप, मनोहरपुर व हकीकत नगर में जोनल ऑफिस बनाने तथा शहर के 11 स्थानों पर डबल स्क्रीन वाली एलईडी लगाने की परियोजनाओं के लिए धन स्वीकृत किया गया। कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।।