रेलवे स्टेशन पर करंट बुकिंग काउंटर
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए करंट रिजर्वेशन बुकिंग काउंटर खुल गया है। इस काउंटर को पूछताछ केंद्र के बराबर में बनाया गया है, जो 24 घंटे खुला रहेगा। इसमें कर्मियों की शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। यात्रियों को गाड़ी के चार्ट बनने के बाद बची हुई खाली सीटों के लिए तुरंत रिजर्वेशन उपलब्ध हो सकेगा।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन ए श्रेणी का है और इसे विश्व स्तरीय बनाया जाएगा। अप-डाउन में 150 से अधिक ट्रेनों का संचालन होता है। इनमें करीब दो लाख यात्री सफर करते हैं। यहां अब यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के पास पूछताछ केंद्र के बराबर में करंट रिजर्वेशन बुकिंग काउंटर खुला है। स्टेशन से ट्रेन छूटने के निर्धारित समय से पांच मिनट पहले तक टिकट बुक होगी। नई व्यवस्था से यात्रियों को ट्रेन में सीट के लिए टीटीई से आग्रह करने के झंझट से मुक्ति मिलेगी। इतना ही नहीं करंट बुकिंग काउंटर से यात्रियों का रिफंड भी वापस किया जा सकेगा। उधर, सीएमआई प्रदीप गिल्होत्रा ने बताया कि करंट रिजर्वेशन बुकिंग काउंटर चल रहा है। इससे यात्रियों को खासी राहत मिली है। इस काउंटर से रिफंड वापसी की भी प्रक्रिया हो रही।