त्योहारों के मद्देनजर सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग करती जीआरपी-आरपीएफ और बम निरोधक दस्ता
सहारनपुर। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से मिली धमकी को रेलवे पुलिस गंभीरता से ले रही है। 13 नवंबर को घटना को अंजाम देने की आशंका के चलते बम निरोधक दस्ता एवं डॉग स्क्वायड ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की। रात में भी टीम चेकिंग कर रही है।
आतंकी संगठन की सहारनपुर रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी के बाद स्टेशन पर अलर्ट जारी है। हालांकि अभी तक धमकी हवाई ही साबित हुई है, लेकिन रेलवे पुलिस इसे पूरी गंभीरता से लिया है। सहारनपुर स्टेशन पर बृहस्पतिवार को बम निरोधक दस्ते एवं डॉग स्क्वायड ने सघन चेकिंग अभियान चलाया।
स्टेशन तक पहुंचने वाले प्रत्येक रास्ते पर नजर रखी और स्टेशन पर पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की चेकिंग की। ट्रेनों में चेकिंग की गई, यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई। स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्मों के चप्पे-चप्पे को खंगाला गया, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु जीआरपी-आरपीएफ के हाथ नहीं लग सकी। जिससे लोगों में बना दहशत का माहौल कुछ कम हुआ और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
बरती जा रही सतर्कता
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर कड़ी सतर्कता बरती जा रही है। ट्रेनों और प्लेटफार्म पर ठहरे यात्रियों के सामान की तलाशी ली जा रही। राहत की बात यह है कि अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।