सहारनपुर। लोकसभा चुनाव ने गति पकड़ ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री से लेकर अन्य कई बड़े नेता जनसभाएं कर चुके हैं। प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रखी है। चुनाव खर्च में भाजपा प्रत्याशी राघव लखनपाल सबसे आगे हैं। उन्होंने अब तक 3527566 रुपये खर्च किए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग ने प्रत्याशियों के चुनाव खर्च की सीमा तय कर रखी है। प्रत्याशी चुनाव में अधिकतम 95 लाख रुपये तक खर्च कर सकता है। प्रत्याशियों को तीन बार अपने चुनावी खर्च का ब्योरा व्यय प्रेक्षक के समक्ष रखना होगा। पांच और 11 अप्रैल में दस में से नौ प्रत्याशी अपने चुनावी खर्च की जानकारी दे चुके हैं। सिर्फ निर्दलीय प्रत्याशी राशिद खां ने 11 अप्रैल को चुनावी खर्च का ब्योरा नहीं दिया है। इसके चलते उन्हें नोटिस जारी किया गया है।
11 अप्रैल को दिए चुनावी खर्च की जानकारी के अनुसार भाजपा के राघव लखनपाल 3527566 रुपये चुनाव में खर्च कर चुके हैं। कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद ने अब तक 854388 रुपये का खर्च होना दर्शाया है। बसपा के माजिद अली 752356 रुपये चुनाव में खर्च कर चुके हैं। अखिल भारतीय परिवार पार्टी के मोहम्मद इनाम का अब तक का खर्च 156395 रुपये हो चुका है। निर्दलीय प्रत्याशियों में मोहम्मद कामरान 32172 रुपये, शबनम 79380 रुपये, राजकुमार 40277, शहबाज 66070 और तसमीम बानो 34245 रुपये खर्च कर चुकी हैं।
वर्जन
लोकसभा चुनाव लड़ रहे दस में से नौ प्रत्याशियों ने अब तक चुनावी खर्च का ब्योरा जमा कर दिया है। सिर्फ एक निर्दलीय प्रत्याशी राशिद खां ने चुनावी खर्च की जानकारी नहीं दी है। उन्हें नोटिस जारी किया गया है।
- सूरज कुमार, मुख्य कोषाधिकारी