गंगोह। बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकान पर दस वर्षीय बेटे के साथ बैठी महिला की चेन झपट ली। पीड़ित महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सुखेड़ी निवासी सुभाष ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा उनकी लखनौती मार्ग पर परचून की दुकान है। बृहस्पतिवार की दोपहर दुकान पर उसकी पत्नी मोनिका बैठी थी। उनके पास उसका दस वर्षीय पुत्र भी मौजूद था। दो बदमाश दुकान में आए और दो हजार का नोट देकर खुले मांगे, मना करने पर उन्होंने एक घी का डिब्बा मांगा। पैसे खुले लाने की बात कहने पर वह बाइक में पेट्रोल लाने की बात कह कर चले गए। तहरीर में बताया दोनों बदमाश बाइक लेकर करीब 20 मिनट बाद आए घी का डिब्बा मांगा। आरोप है कि जैसे ही महिला डिब्बा लाने के लिए उठी तो एक बदमाश ने बाइक स्टार्ट की जबकि दूसरे ने गले से चैन झपट ली और फरार हो गए। सुभाष ने बताया सोने की चेन डेढ़ तौले की थी। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उधर, कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।