बेहट। बुधवार की देर शाम शाकंभरी देवी रोड पर सड़क किनारे खड़ी बुग्गी से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहट सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसा शाम करीब सवा सात बजे गांव अलीपुर भागूवाला व बड़वाला के बीच हुआ। गांव अलीपुर भागूवाला निवासी शेखर (45) पुत्र दिलाराम अपने परिचित सादिक (28) पुत्र जहूर को बाइक पर उसके गांव बाकरपुर छोड़ने के लिए जा रहा था। गांव बड़वाला के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे वाहन की लाइट आंखों पर पड़ने से सड़क किनारे खड़ी बुग्गी से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बेहट सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप था कि वह काफी देर तक एम्बुलेंस के लिए 108 पर कॉल करते रहे, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची।