गागलहेड़ी। ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक सवार गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गए। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार भाई बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सीएचसी हरोड़ा पर भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार मोहसिन (18) पुत्र सलीम, रिहान (20) पुत्र रईस, सोनिया (16) पुत्री रईस निवासीगण रेहमानी चौक हबीबगढ़ थाना कोतवाली देहात सहारनपुर बाइक से रुड़की किसी बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे, जैसे ही ये बाइक से भगवानपुर रोड पर हरियाबास घूम पर पहुंचे। तो ट्रक को ओवरटेक करते वक्त सामने से आ रही गन्नों से लदी ट्रैक्टर ट्राॅली से टकरा गए। दुर्घटना में तीनों बीच सड़क पर जा गिरे। नीचे गिरते ही मोहसिन का सिर सड़क पर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रिहान और सोनिया गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायलों को नजदीकी सीएचसी हरोड़ा में भर्ती कराया।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर फरार हो गया। बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। प्रभारी निरीक्षक सुनील नेगी ने बताया कि प्रकरण में अभी तक कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।