नागल। अक्सर कहा जाता है कि एक और एक मिल जाए तो 11 हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही हुआ एक वर्षीय मासूम भूदेव के साथ। सामाजिक संगठनों के साथ-साथ स्थानीय नेताओं ने जब उसकी मदद के लिए आगे हाथ बढ़ाया तो भूदेव को नया जीवन मिल गया। स्पाइनल मस्कुलर टाइप-वन बीमारी से जूझ रहे भूदेव को बृहस्पतिवार को करीब 17 करोड़ की कीमत का इंजेक्शन लगा।
गांव खजूरवाला में अंकित शर्मा का करीब एक वर्षीय पुत्र भूदेव शर्मा स्पाइनल मस्कुलर टाइप वन बीमारी से पीड़ित होने के बाद परिजनों ने उसे सहारनपुर सहित देहरादून, ऋषिकेश एम्स तथा दिल्ली के अस्पतालों में दिखाया, लेकिन बच्चे को कोई राहत नहीं मिली। अंत में दिल्ली एम्स के चिकित्सकों ने उसके इलाज के लिए विदेश से बीमारी पर नियंत्रण के लिए करीब 17 करोड़ रुपये का इंजेक्शन लगाने की बात कही। इसके बाद परिवार सदमे में आ गया कि इतनी बड़ी राशि कैसे जुटाई जाएगी। परिजनों ने बच्चे को बचाने के लिए एक मदद की मुहिम चलाई।
आर्थिक मुहिम में सर्व समाज के लोगों, सामाजिक संगठन तथा प्रदेश सरकार कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री कुंवर बृजेश, भाजपा के क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम, विधायक पंकज मलिक, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा आदि तमाम नेताओं ने बच्चे का जीवन बचाने के लिए सरकार से भी मदद करने की अपील की। यही नहीं विधायक देवेंद्र निम ने अपनी माता के साथ लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बच्चे के जीवन को बचाने के लिए सरकार से गुहार लगाई। सभी लोगों के अथक प्रयास के बाद दिल्ली के एम्स में बच्चे की बीमारी का उपयुक्त इंजेक्शन लगाकर उसे एक नया जीवन दिया है। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगने के बाद बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है।