रामपुर मनिहारान। राजस्थान जालौन के सोना गांव में एक अनुसूचित छात्र की हत्या के मामले में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
रविवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ता मोहल्ला इकराम स्थित रविदास मंदिर पर एकत्र होकर नारे बाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने एसडीएम संगीता राघव को महामहिम राष्ट्रपति भारत सरकार से संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में घटना की जांच कराकर दोषी अध्यापक को कड़ी से कड़ी सजा के साथ ही पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, परिवार के बच्चों की शिक्षा हेतु स्वास्थ्य सुरक्षा की उचित व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा कराने की मांग की। मौके पर रोहित राज गौतम, अशोक, दीपक, अजय, जितेंद्र कुमार, अभिषेक, विनय, सूर्य, बृजपाल सिंह,अवनीश, अंकित, विशाल, अनुज, मोहित, गौतम, रवि आदि मौजूद रहे।