आईएमए भवन में भारतीय खटीक महासभा आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित मेघावी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। भारतीय खटीक महासभा के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि दुनिया की कोई भी कौम उच्च शिक्षित हुए बिना तरक्की नहीं कर सकी है। इसलिए बच्चों को उच्च शिक्षित किया जाए।
रविवार को आईएमए सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश जौहरी, मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व राज्यमंत्री डॉक्टर सुरेंद्र मोगा, डॉ. फलकुमार, सीडीपीओ डॉ. अनीता सोनकर और उद्योग विभाग के सहायक आयुक्त आशीष कुमार ने संयुक्त रूप से बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर एवं संत दुर्बलनाथ के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया। अभियोजन अधिकारी उतेश जौहरी शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि युवा अपना लक्ष्य भी निर्धारित करें। डॉ. अनिता सोनकर ने अभिभावकों से अपील की कि वह बच्चों को उनकी इच्छा के अनुसार पढ़ाए, उन पर अपनी मर्जी ना थोपें। सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार ने कहा कि युवा पढ़ लिखकर अधिकारी भले बन जाएं मगर अपने समाज को कभी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि 18 साल पहले संस्था ने उनका भी सम्मान किया था। आज वह इस मंच से बच्चों को सम्मानित कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश जौहरी ने संस्था के 26 साल के सफर पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रदेश अध्यक्ष नाथीराम पठेडिया, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष डॉ. योगेश छिलेरिया, अमल खटीक आदि ने भी विचार रखे। कार्यक्रम संयोजक मदन तितौरिया, अरुण सवई, सुशील नरैया रहे। इस दौरान राजेश जौहरी, राकेश छूर, फकीरचंद मोगा, सुभाष चंद, बिजेंद्र मोगा ऋषिकेश, आत्माराम राणा पानीपत, राजेंद्र खटीक आदि मौजूद रहे। संचालन राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. पवन सवई ने किया।