गन्ना भवन पर विभिन्न मांगो को लेकर धरना प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनियन वर्मा के किसान
सहारनपुर। मौजूदा पेराई सत्र के लिए गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने सहित अन्य मांगों को लेकर भाकियू वर्मा और पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने गन्ना भवन पर धरना, प्रदर्शन किया। उन्होंने ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने की भी मांग की। वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक डॉ. यशपाल सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
सोमवार को हकीकत नगर स्थित गन्ना भवन पर धरना, प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि पेराई सत्र शुरू हुए करीब तीन महीने हो चुके हैं। इसके बावजूद
अभी तक प्रदेश सरकार ने गन्ने का भाव घोषित नहीं किया है। लागत को देखते हुए 600 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। इसके चलते ही जिले की चीनी मिलों पर अभी तक भी गत सीजन का गन्ना मूल्य बकाया है। उन्होंने सरकार से ब्याज सहित तत्काल बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जो चीनी मिल 14 दिन के अंदर गन्ना भुगतान नहीं करती है उन्हें 15 प्रतिशत वार्षिक दर से बकाया पर ब्याज देना चाहिए, साथ ही बकाएदार चीनी मिल किसानों से वाह्य क्रय केंद्रों से किराया कटौती नहीं कर सकती। राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अशोक मलिक, आसिम मलिक, मोहम्मद जहीर तुर्की आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान महबूब हसन, मोहम्मद राशिद, मोहम्मद कलीम उर रहमान, सुरेंद्र सिंह, जोगेंद्र सिंह, कालू सिंह, हाजी बुद्धू हसन, असलम गुर्जर आदि मौजूद रहे।