गंगोह बिजलीघर पर धरनारत भाकियू कार्यकर्ताओं से वार्ता करते विद्युत अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
गंगोह (सहारनपुर)। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की नगर इकाई का बिजलीघर पर चल रहा धरना चौथे दिन मौके पर पहुंचे एक्सईएन और एसडीओ द्वारा सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देने के बाद समाप्त कर दिया गया।
कड़ाके की ठंड के बावजूद भाकियू कार्यकर्ता लगातार चौथे दिन भी बिजलीघर पर धरने पर डटे रहे। बृहस्पतिवार को जिला महासचिव चौधरी अशोक कुमार और युवा महासचिव मेवाराम भी धरनारत कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और उनका उत्साह बढ़ाया। जिला पदाधिकारियों ने कहा कि चेकिंग के नाम पर किसी भी उपभोक्ता का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि विद्युत अधिकारियों ने अपने रवैये में सुधार ना किया तो भाकियू आरपार की लड़ाई लड़ने को बाध्य होगी। नगर अध्यक्ष मेहरबान कुरैशी ने विद्युत विभाग को चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में नगर और क्षेत्र की सभी जर्जर विद्युत तारों को नहीं बदला गया तो यूनियन बिजलीघर पर तालाबंदी करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। इसके बाद एक्सईएन सुधांशु श्रीवास्तव और एसडीओ सतीश रावत धरनारत कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और उनसे वार्ता की। कार्यकर्ताओं ने उन्हें मांगपत्र सौंपकर नगर एवं देहात की जर्जर विद्युत तारों को बदलवाने, चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली तत्काल बंद करने, तीतरों मार्ग पर अवैध तरीके से की गई शिफ्टिंग की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, नगर एवं कॉलोनियों में आबादी के ऊपर से गुजर रही 11 हजार की लाइनों को जनहित में तुरंत हटवाने और नगर में उपभोक्ताओं पर की जा रही एफआईआर की कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाने की मांग की।
अधिकारियों ने सभी समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त करने की घोषणा की गई। अध्यक्षता मो. सलीम और संचालन जितेंद्र शर्मा ने किया। धरने में तहसील अध्यक्ष बृजपाल सैनी, ब्लॉक अध्यक्ष हाजी तहसीन, नितिन शर्मा, प्रताप, जुल्फान, मोहन, सादा, जमशेद, सुलेमान आदि रहे।