सहारनपुर। आयुष्मान भव: कार्यक्रम के तहत नेहरू मार्केट स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में स्वास्थ्य मेला लगाया गया। इसमें आयुष्मान कार्ड बनाने से लेकर मरीजों का निशुल्क इलाज किया।
शनिवार को स्वास्थ्य मेले का उदघाटन नगर विधायक राजीव गुंबर ने किया। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए। कहा कि सरकार की योजनाओं एवं नीतियों से आखिरी छोर पर खड़े व्यक्ति को लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। वहीं, जिले के सभी उपकेंद्र स्तरीय हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर भी मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. संजीव मांगलिक, महानगर मंत्री योग चुग, डिप्टी सीएमओ डॉ. कुनाल जैन, डीपीएम खालिद हुसैन आदि मौजूद रहे।
28,994 कार्ड बनाकर कायम किया नया रिकार्ड
सहारनपुर। आयुष्मान भव: कार्यक्रम के तहत एक सप्ताह के अंदर एक लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाकर नया रिकॉर्ड कायम किया है। एक दिन में 28,994 आयुष्मान कार्ड बनाकर पूर्व के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। शासन स्तर से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और उनकी टीम की सराहना की गई। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि हम और भी बेहतर कर सकते हैं। यह गरीब परिवारों को एक सार्थक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत लाने का एक वास्तविक प्रयास है। इसके जरिए गरीब परिवार को प्रति वर्ष पांच लाख की स्वास्थ्य सुरक्षा मिलती है। जिससे उसे मानसिक एवं आर्थिक राहत मिलने के साथ शारीरिक सुरक्षा कवच मिल जाता है।