आयुष्मान लाभार्थी अब करा सकेंगे किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट
सहारनपुर। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना की नई पैकेज दरों को लागू कर दिया है। आयुष्मान कार्डधारक जिले के 47 निजी अस्पतालों में इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इस योजना में इलाज के लिए 365 नए पैकेज जोड़े गए हैं। आयुष्मान लाभार्थी अब किडनी, लिवर ट्रांसप्लांट का भी इलाज करा सकेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजीव मांगलिक ने बताया कि 23 सितंबर को आयुष्मान प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को चार साल पूरे हो जाएंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण भारत सरकार ने 15 सितंबर 2022 से नई पैकेज दरें लागू की हैं। 832 पैकेज दरों में बढ़ोत्तरी की गई है। जिले में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना से 47 निजी और 24 अस्पताल जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि जो नए 365 पैकेज जोड़े गए हैं, उनमें किडनी, लिवर ट्रासप्लांट, बोन मैरो, कॉर्निया और मानसिक स्वास्थ्य आदि की सुविधा जोड़ी गई है।
--
- 30 सितंबर बनवा सकेंगे आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान कार्ड बनाने का अभियान चल रहा है। इसमें कैंप लगाकर लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। जिन लाभार्थियों ने आयुष्मान कार्ड नहीं बनवाया है तो वह कैंप में जाकर बनवा सकते हैं।