गागलहेड़ी/सहारनपुर। गांव माली निवासी आवेश का शव रुड़की गंगनहर से पुलिस ने बरामद कर लिया है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भेज दिया गया। आवेश की हत्या का आरोप उसी के छोटे भाई शोएब पर लगा है। पुलिस मौजूदगी में नहर में कूदे शोएब का अभी कुछ पता नहीं चल सका है। पुलिस की चार टीमें गोताखोरों की मदद से रुड़की गंग नहर में उसकी तलाश कर रही है।
गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव माली निवासी बीस साल का आवेश गत शनिवार को लापता हो गया था। गायब हुए आवेश के छोटे भाई शोएब को शक के आधार पर हिरासत में लेकर मंगलवार को पूछताछ की थी। क्योंकि, उसके मोबाइल फोन से आवेश के मोबाइल फोन पर इंटरनेट कॉल भी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, शोएब ने ही मानसिक तनाव में आवेश को पिरान कलियर शरीफ के पास गंगनहर पर ले जाकर धक्का देकर हत्या करना स्वीकार किया था।
मंगलवार शाम शोएब को लेकर पुलिस गंगनहर पहुंची, जहां शोएब पुलिस की मौजूदगी में नहर में कूद गया था, जिसके बाद उसका पता नहीं चल सका। इस मामले को लेकर परिजनों ने बृहस्पतिवार को गागलहेड़ी थाने पर जमकर हंगामा किया था। मामला तूल पकड़ने पर एसएसपी ने दोनों युवकों की तलाश के लिए सीओ सदर रुचि गुप्ता के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया था।
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि गोताखोरों की मदद से बृहस्पतिवार सुबह को आवेश का शव रुड़की क्षेत्र में गांव बाजुहेड़ी व मोहम्मदपुर के बीच गंगनहर से बरामद कर लिया गया। आवेश का शव मिलने की सूचना पर माली गांव में उसके घर ग्रामीणों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई और परिजनों में कोहराम मचा है। आवेश का शव मिलने के बाद अब पुलिस ने शोएब की तलाश तेज कर दी है।
हत्या करने की वजह नहीं हो सकी स्पष्ट
आवेश की उसके छोटे भाई शोएब ने गंगनहर में धक्का देकर क्यों हत्या की है। पुलिस की जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, इस मामले में सनसनीखेज खुलासा भी हो सकता है, जिसको लेकर शुक्रवार को एसएसपी पत्रकार वार्ता कर सकते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
परिजनों ने पुलिस पर ही लगाए थे आरोप
आवेश और शोएब के पिता तौफीक और परिजनों ने पुलिस पर ही शोएब के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। परिजनों का आरोप है कि अगर शोएब ने आवेश की हत्या करना स्वीकार किया था तो घटनास्थल पर ले जाते समय पुलिस ने उसे क्यों नहीं पकड़ा हुआ था। वह कैसे गंगनहर में कूद गया। परिजनों ने पुलिस की भूमिका भी संदिग्ध बताई थी।