हाकिमपुरा रोड पर अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कराता विकास प्राधिकरण की जेसीबी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने शुक्रवार को जोन-08 के तहत हाकिमपुरा रोड और बेहट रोड स्थित रसूलपुर में काटी जा रहीं अवैध कालोनियों में धवस्तीकरण की कार्रवाई की। उन्होंने जेसीबी की सहायता से अवैध कॉलोनी में भरी गई नीवों को ध्वस्त कर दिया।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि हाकिमपुरा रोड पर करीब आठ बीघा क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। कॉलोनी में अवैध रूप से डिमार्केशन का कार्य चल रहा था। इसके अलावा बेहट रोड के ग्राम रसूलपुर स्थित करीब पांच हजार वर्ग मीटर भूमि को विभिन्न आकार के भूखंडों में विभाजित कर प्लाटिंग की गई थी। विकास प्राधिकरण की टीम ने जेसीबी की सहायता से भूखंडों की नींव को ध्वस्त कर दिया। महानगर में अवैध कॉलोनी और अवैध निर्माणों के विरुद्ध प्राधिकरण की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि भूखंड खरीदने से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि कॉलोनी विकास प्राधिकरण से स्वीकृत है या नहीं। निर्माण करने से पहले मानचित्र स्वीकृत कराया जाए और उसी के अनुरूप निर्माण कार्य किया जाए। अवैध निर्माण किए जाने पर प्राधिकरण ध्वस्तीकरण से लेकर सील करने तक की कार्रवाई करेगा। इस दौरान सहायक अभियंता सार्थक शर्मा, अवर अभियंता सुधीर कुमार, मेट अमरनाथ एवं मदनपाल और जेसीबी चालक सतेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।