गागलहेड़ी/सहारनपुर। गांव भाभरी के वैशाली हत्याकांड का मंगलवार को खुलासा हो गया। शक के घेरे में आई वैशाली की चाची वर्षा ने हत्याकांड को अंजाम देना स्वीकार किया है। हालांकि पुलिस ने गांव के एक युवक को भी हिरासत में ले रखा है। बताया जा रहा है कि वह महिला का प्रेमी है। महिला का कहना है कि युवक भी हत्याकांड में शामिल था। पुलिस के अनुसार, बच्ची ने दोनों को एक साथ देख लिया था, जिसकी वजह से बच्ची की हत्या की गई थी। फिलहाल पूछताछ जारी है।
थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव भाभरी निवासी पांच वर्षीय वैशाली पुत्री सचिन कपूर शनिवार को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। सोमवार को वैशाली के घर के पीछे खाली पड़े प्लाट में उसका शव बोरे में बंद पड़ा मिला था। शक के आधार पुलिस ने बच्ची की चाची वर्षा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि युवक का महिला का प्रेमी है। महिला ने बच्ची की हत्या युवक के साथ मिलकर करने बात कबूल की है, लेकिन युवक पूछताछ में बता रहा है कि महिला उसे फंसा रही है। उसका हत्या में हाथ नहीं है।
पुलिस यह पता लगाने में लगी है कि कहीं महिला युवक को बेवजह तो नहीं फंसा रही है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि बच्ची की हत्या के बाद किसी को पता न चले इसलिए शव को बोरे के अंदर डाला और रात के अंधेरे में मकान के पीछे प्लाट में ले जाकर फेंक दिया। पुलिस यह भी मानकर चल रही है कि बच्ची की हत्या और शव को बोरे में डालकर प्लाट में फेंकना अकेले महिला नहीं कर सकती। फिलहाल सभी बिंदुओं पर कहना से जांच की जा रही है।